सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कल गूंजेगा 'वंदे मातरम्', 25 सितंबर को सामूहिक गायन का भव्य आयोजन
रतलाम, 24 सितंबर (इ खबर टुडे)। राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में राष्ट्रीय चेतना और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितंबर को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, अमृतसागर कॉलोनी, रतलाम में सामूहिक वंदे मातरम् गायन का भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
विद्यालय परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम का समय सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक रहेगा। ठीक सुबह 11:00 बजे विद्या भारती द्वारा संचालित देशभर के शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ रतलाम के अमृतसागर कॉलोनी स्थित विद्यालय प्रांगण में मौजूद सभी नागरिक, अभिभावक और विद्यार्थी एक स्वर और एक लय में 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन करेंगे।
राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत यह अखिल भारतीय आयोजन ऐतिहासिक होने जा रहा है और इसे 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में भी दर्ज कराया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने 'वंदे मातरम्' के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह केवल एक गीत नहीं है, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम के गौरव और मातृभूमि के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। विद्या भारती एवं सरस्वती शिशु मंदिर परिवार (अमृतसागर कॉलोनी, रतलाम) ने शहर के समस्त नागरिकों, अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें और राष्ट्र भावना के इस सामूहिक स्वर को मजबूत करें।

