Movie prime

अवैध शराब तस्करी पर शिकंजा: 100 पेटी बीयर के साथ दो वाहन जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

 

 

रतलाम, 24 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिले की रावटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध बीयर का परिवहन कर रहे दो वाहनों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों वाहनों से 100 पेटी माउंटेन 6000 बीयर (लगभग 1200 बल्क लीटर) बरामद की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। अवैध शराब और दोनों वाहनों को मिलाकर कुल करीब 22 लाख 88 हजार रुपये का मश्रुका जप्त किया गया है।

​पुलिस के अनुसार, आज मंगलवार को रावटी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एट लाइन होते हुए दो वाहनों में भारी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन ग्राम देवापाड़ा-चैनपुरा रोड से किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम देवापाड़ा-चैनपुरा आम रोड पर घेराबंदी की और आगे चल रही सफेद बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP-11-G-4706) तथा पीछे चल रही सिल्वर महिंद्रा XUV-500 कार (क्रमांक MP-09-CV-7770) को रोक लिया।

​कार्रवाई के दौरान बोलेरो पिकअप के चालक और एक अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले, जबकि XUV कार चालक महेश पिता उदय सिंह कटारा (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम परवलिया, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। शराब परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाने पर दोनों वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें 100 पेटी बीयर की केन मिलीं।

​पुलिस ने अवैध शराब और दोनों वाहनों को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध थाना रावटी में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपी से शराब की खेप कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी, इस संबंध में पूछताछ जारी है।

​यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में की गई। सराहनीय कार्य में उनि गल सिंह भावेल, सउनि पारसिंह वसुनिया, प्र.आर. आशीष धनक, आरक्षक अवधेश सिंह परमार और आरक्षक प्रेम कटारा की भूमिका रही।