Movie prime

रतलाम / अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध दबिश, 52 किलो डोडाचूरा के साथ रायसेन के दो तस्कर गिरफ्तार

​रिंगनोद पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा 4 लाख का मादक पदार्थ; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
 

​रतलाम, 03 मई (इ खबर टुडे)। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रतलाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में रिंगनोद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 किलो 380 ग्राम अवैध डोडाचूरा जप्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से रायसेन जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस से मिली ​जानकारी के अनुसार, पुलिस को बीते दिन शनिवार को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावरा-सीतामऊ रोड स्थित महादेव खाल (बोरवनी फंटा) के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद ने तुरंत टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी की।

​ट्रॉली बैग में छिपा रखा था नशा
​पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद 3 बड़े बैग और 1 ट्रॉली बैग में पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। वजन करने पर कुल मात्रा 52 किलो 380 ग्राम पाई गई। आरोपियों ने तस्करी के लिए ट्रॉली बैग का इस्तेमाल किया था ताकि किसी को शक न हो।

​पकड़े गए आरोपी
​गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रायसेन जिले के निवासियों के रूप में हुई है। जिनके नाम ​विनोदसिंह 34 वर्षीय निवासी रामगढ़, तहसील बाड़ी, जिला रायसेन, ​धर्मेंद्रसिंह 26 वर्षीय निवासी घोड़ापछाड़, तहसील सुल्तानपुर, जिला रायसेन है।

​पुलिस की कार्रवाई: थाना रिंगनोद में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 173/2026, धारा 8/15 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह माल कहाँ से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहाँ होनी थी।

​सराहनीय टीम
​इस महत्वपूर्ण सफलता में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी असावती उपनिरीक्षक शरीफ खान, आरक्षक मनोज परिहार, आरक्षक नारायण धाकड़ और सैनिक जितेंद्र परमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम के कार्य की प्रशंसा की है।