थाना बरखेड़ाकलां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14.70 लाख रुपये की एमडीएमए और डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
रतलाम, 31 जुलाई (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के थाना बरखेड़ाकलां पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.70 लाख रुपये की एमडीएमए (MDMA) और डोडाचूरा सहित परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग 15.51 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल और एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को थाना प्रभारी बरखेड़ाकलां पतिराम डावरे के नेतृत्व में पुलिस बल चंबल पुलिया, बरखेड़ाकलां पर वाहन चेकिंग कर रहा था। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
जप्त सामग्री का विवरण
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 147 ग्राम एमडीएमए (MDMA) (अनुमानित कीमत 14,70,000), 2 किलो 104 ग्राम डोडाचूरा (अनुमानित कीमत 31,560), काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-14-MZ-7586, अनुमानित कीमत 50,000) अवैध सामग्री बरामद की। जिसकी कुल जप्त मशरूका लगभग 15,51,560 रुपए है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने आरोपी अरमान पिता अनवर खान (उम्र 22 वर्ष) निवासी लच्छाखेड़ी थाना अफजलपुर जिला मंदसौर, अरबाज पिता अख्तर खान (उम्र 25 वर्ष), निवासी काजलीखेड़ा, थाना रठाजना, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बरखेड़ाकलां पर अपराध क्रमांक 144/2026, धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से मादक पदार्थों की इस खेप के स्त्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पतिराम डावरे, सउनि रमेशचन्द्र भम्भोरिया, प्रआर गजेन्द्र सिंह, प्रआर सुरेन्द्र सिंह कछावा, आरक्षक आखम सिंह, ओमप्रकाश गुर्जर, अजय चौधरी, ईश्वर धाकड़, शकील, महिला आरक्षक प्रिया ठाकुर तथा सायबर सेल रतलाम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील: रतलाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

