रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 लाख रुपये की MD ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
रतलाम,02अगस्त(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 100 ग्राम अवैध एम.डी. (MD) ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशों के पालन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल और एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद व ढोढर चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक रघुवीर जोशी की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
बीते दिन शनिवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय के सामने, मोरिया रोड (ढोढर) पर घेराबंदी की। यहाँ से संदिग्ध वसीम उर्फ बना (30 वर्ष, निवासी जनता कॉलोनी, जावरा) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 100 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी जब्त कर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
मामले की गहन जांच और गिरफ्तार आरोपी वसीम उर्फ बना से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर प्रकरण के दूसरे आरोपी मोहम्मद शमी (29 वर्ष, निवासी महावीर कॉलोनी, जावरा) को भी धर दबोचा।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स कहाँ से लाई गई थी और जिले में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अंतरराज्यीय या बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप-निरीक्षक रघुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, राधेश्याम, आरक्षक नरेंद्र सिंह जगावत, शोभाराम शर्मा एवं सैनिक जितेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

