Movie prime

 रतलाम / एक लाख रुपये की 10 ग्राम अवैध MD ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 

 

​रतलाम, 27जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ताल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम अवैध एमडी (MD) ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1,00,000 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई है।

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में ताल पुलिस ने यह कार्रवाई की।

​26 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आक्या कलां रोड पर राधा नगरी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति एमडी ड्रग्स की डिलीवरी देने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आसिफ पिता जाकिर खाँ मेवाती (35), निवासी पिपलिया मंडी (हाल मुकाम बन्नाखेड़ा, जावरा) को हिरासत में लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत ली गई तलाशी में उसके कब्जे से 10 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स और 50,000 रुपये मूल्य की बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई।

​पूछताछ में खुला दूसरे आरोपी का नाम
​थाना ताल पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 380/26, धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी आसिफ ने स्वीकार किया कि वह स्वयं भी एमडी ड्रग्स का सेवन करता है और इसे दूसरों को बेचने का काम करता है। ​आरोपी के  बयान के आधार पर पुलिस ने ड्रग्स सप्लाई/खरीद-फरोख्त से जुड़े दूसरे आरोपी सोहेल पिता कमरुद्दीन खाँ (25), निवासी अरिहंत कॉलोनी, जावरा शहर को भी गिरफ्तार कर लिया।

​पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड (PR) हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से एमडी ड्रग्स के मुख्य स्रोत और इस गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।

​आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, सहायक उप-निरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक शुभम सिंह चौहान, अंकित काला, आदिल, भूपेन्द्र डिंडोर तथा सांवरिया पाटीदार का सराहनीय योगदान रहा।