रतलाम / सोलर प्लांट से तांबे की केबल चुराने वाले दो सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार, दो फरार
रतलाम, 30 जुलाई(इ खबर टुडे)। थाना ताल क्षेत्र के ग्राम असावता स्थित सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। प्लांट में ही सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले दो सिक्योरिटी गार्ड ही इस चोरी के मास्टरमाइंड निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी राकेश पिता राजाराम पाल (निवासी महू, इंदौर) ने 26 जुलाई 2026 को थाना ताल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम असावता स्थित सोलर प्लांट से अज्ञात चोरों द्वारा तांबे की केबल चुरा ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल और एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। इस दौरान प्लांट के सुरक्षा गार्डों की संदिग्ध भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपी
नागुसिंह पिता रामसिंह राजपूत (उम्र 34 वर्ष, निवासी खजुरी देवड़ा, थाना आलोट)
सुरपालसिंह पिता दरबारसिंह राजपूत (उम्र 25 वर्ष, निवासी कंथारिया, थाना आलोट)
फरार आरोपी
लालसिंह पिता सरदारसिंह राजपूत (निवासी कंथारिया)
कृष्णपालसिंह पिता शम्भुसिंह राजपूत (निवासी कंथारिया)
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने दोनों फरार साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरी गया मशरुका फरार आरोपियों के पास होना बताया गया है, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी ताल निरीक्षक स्वराज डाबी, उप निरीक्षक थानसिंह चौहान, प्रधान आरक्षक रमेश खिचावत और आरक्षक शुभमसिंह, अंकित काला, मोहम्मद आदिल, मनोहर गायरी, पवन परमार, मनीष शर्मा, राहुल पाटीदार, विक्रम चौधरी तथा भूपेन्द्र डिंडोर की सराहनीय भूमिका रही।

