कलेक्टर अजय कटेसरिया की बड़ी कार्रवाई: दो छात्रावास अधीक्षक तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त
रतलाम,09 अगस्त(इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में छात्रावासों की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर जनजातीय कार्य विभाग रतलाम के अंतर्गत पदस्थ दो छात्रावास अधीक्षकों को प्रशासनिक कार्य व्यवस्था की दृष्टि से तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए उनकी मूल संस्थाओं के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलोट स्थित छात्रावासों की छात्राओं द्वारा अधीक्षकों के संबंध में गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के परीक्षण और प्राथमिक जांच के उपरांत कलेक्टर के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया है।
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार अधीक्षिका अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास श्रीमती निर्मला झोड़ियां भाबर आलोट, अधीक्षक अनुसूचित जाति बालक सीनियर उत्कृष्ट छात्रावास करण सिंह जाट आलोट दोनों ही अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मामले पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सख्त लहजे में कहा कि छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का हित, उनकी सुरक्षा और परिसर में अनुशासित वातावरण बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा। भविष्य में भी यदि इस तरह की लापरवाही पाई जाती है, तो नियमानुसार तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

