निर्माणाधीन मकान से लिफ्ट व सोलर केबल चुराने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार
रतलाम, 25 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत आरोग्यम अस्पताल की गली में स्थित एक निर्माणाधीन मकान से लिफ्ट और सोलर के केबल तार चुराने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों से चोरी किए गए माल-मशरूका के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गत 10 जुलाई को फरियादी गौरव मूणत (निवासी कॉलेज रोड, रतलाम) ने माणकचौक थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि 9 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने आरोग्यम अस्पताल की गली स्थित उनके निर्माणाधीन मकान से लिफ्ट के केबल वायर के बंडल और सोलर केबल चुरा लिए हैं। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 371/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी माध्यमों से हत्थे चढ़े आरोपी
जिले में चोरी, लूट व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, अति. पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साधनों और मुखबिर की मदद से अज्ञात आरोपियों का सुराग लगाकर दो संदिग्धों को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके साथ ही आरोपियों ने एक माह पूर्व कलीमी कॉलोनी (सागोद रोड) और डीडी नगर क्षेत्र से भी केबल तार चोरी करने की बात कबूली है।
गिरफ्तार आरोपी
दिपक उर्फ दिपू पिता अमरसिंह चारेल (उम्र 23 वर्ष), निवासी- मुकुन्दपुरा, थाना पाटन (जिला बांसवाड़ा, राजस्थान), हाल मुकाम- नाले के पास गांधीनगर, रतलाम।
सागर पिता पुष्कर पुरोहित (उम्र 19 वर्ष), निवासी- गली नम्बर 06, टाटा नगर, रतलाम।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस वारदात का खुलासा करने में निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान (थाना प्रभारी माणकचौक), उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, प्रधान आरक्षक राजसिंह, विजय झोड़िया, तखतलाल, तथा आरक्षक कुलदीप, अशरफ, अविनाश मिश्रा, हेमन्त यादव, संदीप शर्मा और पंकज कुमार की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।

