रतलाम / चोरी की मोटरसाइकिल से जहरीली शराब की तस्करी कर रहे दो शातिर चोर गिरफ्तार
रतलाम, 11अक्टुम्बर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली है। आलोट एवं जावरा ग्रामीण की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जहरीली कच्ची शराब की तस्करी कर रहे अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद गैंग के तीसरे साथी को भी गिरफ्तार कर कुल 06 चोरी की मोटरसाइकिलें जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये जब्त की गई हैं। आरोपियों ने कुल 17 वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज रविवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध जहरीली कच्ची शराब की तस्करी करते हुए दो आरोपी हरपाल पिता धारिया कंजर 20 वर्षीय निवासी टोकड़ा थाना उन्हेल नागेश्वर जिला झालावाड़ राजस्थान, अर्जुन पिता लखन कंजर19 वर्षीय निवासी टोकड़ा थाना उन्हेल नागेश्वर जिला झालावाड़ राजस्थान के कंजरो को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 10 लीटर अवैध जहरीली कच्ची शराब और एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई।
जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपियों ने इसे ग्राम भाटखेड़ा से चोरी करना स्वीकार किया। इस पर थाना कालूखेड़ा में अपराध दर्ज पाया गया। इसके बाद थाना ताल पर आबकारी अधिनियम की धारा 49ए के तहत मामला दर्ज कर अन्य वाहन चोरियों के संबंध में गहन पूछताछ शुरू की गई।
17 वारदातों का खुलासा, गैंग का तीसरा साथी भी गिरफ्तार
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी हरपाल और अर्जुन ने अपने तीसरे साथी लखन पिता हरीलाल कंजर 22 वर्षीय निवासी टोकड़ा थाना उन्हेल नागेश्वर जिला झालावाड़ राजस्थान के साथ मिलकर कुल 16 मोटरसाइकिलें और 01 महिंद्रा लोडिंग वाहन (छोटा हाथी) चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी लखन को भी गिरफ्तार कर लिया।
जब्त की गई मोटरसाइकिलें
HF डीलक्स (MP 43 ZD 4234) – थाना कालूखेड़ा
HF डीलक्स (MP 13 FS 3119)
हीरो स्प्लेंडर (बिना नंबर, चेसिस व इंजन नंबर सहित)
होंडा शाइन (बिना नंबर, चेसिस व इंजन नंबर सहित)
02 स्प्लेंडर प्लस (काले रंग की, बिना नंबर - इंजन व चेसिस नंबर घिसे हुए)
आरोपियों ने रतलाम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें कबूल की हैं
थाना ताल: 01 होंडा शाइन
थाना आलोट: 01 एचएफ डीलक्स
थाना नामली: 01 होंडा शाइन, 01 महिंद्रा लोडिंग (छोटा हाथी), 01 बजाज प्लेटिना
थाना औद्योगिक क्षेत्र (IA) जावरा: 01 सुपर स्प्लेंडर, 01 स्प्लेंडर प्लस, 02 होंडा शाइन
थाना सैलाना: 02 सुपर स्प्लेंडर
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एसडीओपी जावरा ग्रामीण संदीप मालवीय, एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौर एवं एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक स्वराज डाबी, योगेश पाटीदार, पतिराम डावरे, उप-निरीक्षक कांतिलाल सोनार्थी सहित थाना ताल, आलोट, बरखेड़ा कलां, चौकी खारवा कलां और एसडीओपी कार्यालयों के आरक्षकों का विशेष व सराहनीय योगदान रहा।

