Movie prime

रतलाम  / एक नाबालिग सहित दो चचेरी बहनों के साथ बलात्कार, तीन युवकों पर सामूहिक दरिंदगी का आरोप

 
 

​रतलाम, 28मार्च (इ खबर टुडे)। जिले के ग्राम नामली में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग सहित दो चचेरी बहनों को बहला-फुसलाकर एक फैक्ट्री में ले गए, जहाँ उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नामली ​थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 25 मार्च की रात की है। पीड़ित छात्रा 15 वर्ष अपनी चचेरी बहन 18 वर्ष के साथ एक रिश्तेदार के यहाँ आयोजित एक कार्यक्रम में गई थी। रात करीब 9:30 बजे, जब दोनों बहनें घर के बाहर बैठी थीं, तभी आरोपी राजवीर पिता बंशीलाल कुमावत मोटरसाइकिल लेकर पहुँचा। उसने दोनों बहनों को 10 मिनट बात करने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठने को कहा। मना करने के बावजूद, वह उन्हें बहला-फुसलाकर नामली स्थित 'देव सो नावा' अगरबत्ती फैक्ट्री ले गया।

​फैक्ट्री के अंदर और फिर घर ले जाकर किया बलात्कार
​पीड़िता ने बताया कि फैक्ट्री में सुमित पिता रामसिंह जाट और पवन पिता मांगीलाल जाट पहले से मौजूद थे। राजवीर दोनों बहनों को फैक्ट्री के अंदर छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर चला गया। आरोप है कि सुमित जाट ने पीड़िता के साथ और पवन जाट ने उसकी चचेरी बहन के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

​इतना ही नहीं, बाद में आरोपी पवन जाट दोनों को अपने घर ले गया, जहाँ सुमित और पवन ने पुनः उनके साथ गलत काम किया।

​परिजनों को दी जानकारी, मामला दर्ज
​घटना के बाद डरी-सहमी दोनों बहनें अगले दिन अपने मामा के घर पहुँचीं। घबराहट के कारण उन्होंने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन हिम्मत जुटाकर शनिवार को अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर थाने पहुँचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।

​पुलिस ने पीड़ितों के बयान और लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध बलात्कार (376), पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और जान से मारने की धमकी देने जैसी विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।