रतलाम / दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए जामड पाटली में दो बच्चे डूबे, एनडीआरएफ टीम ढूंढने में लगी
रतलाम, 16 फरवरी (इ खबर टुडे)। दीननगर थाना अंतर्गत जामड पाटली में दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गए दो स्कूली बच्चे नदी में डूब गए। घटना आज दोपहर की बताई जा रही है। बच्चों को ढूंढने में लगी रेस्क्यू टीम डूबे हुए बच्चों को नहीं ढूंढ पाई।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर को आठ स्कूली बच्चे पिकनिक मनाने जामड पाटली पहुंचे। पिकनिक मनाते समय बच्चे नहाने के लिए जामड में बने राम डेम में उतर गए। नहाने के दौरान छह बच्चे बाहर निकल गए और शेष बचे दो बच्चे ध्रुव पिता आनंद बलसेरा 11 वर्षीय निवासी टाटानगर और जय उर्फ आशुतोष पिता बसंतीलाल मंडलोई 12 वर्षीय निवासी श्रीनगर डेम में ही रह गए। काफी समय बीतने पर भी दोनों बच्चे बाहर नहीं आए तो बच्चे डर के मारे घर पहुंचे और घरवालों को घटना की जानकारी दी।
घरवालों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी और डूबे बच्चों के परिजनों के साथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद भी बच्चे नहीं मिले तो पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया और रेस्क्यू अभियान चलाया। खबर लिखे जाने तक टीम बच्चों को नहीं खोज पाई।

