Movie prime

 रतलाम / शराब दुकान पर नकली पिस्टल दिखाकर हफ्ता मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

 

 

रतलाम,24जून(इ खबर टुडे)। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत डोसी गॉव की एक कलारी पर नकली पिस्टल दिखाकर अवैध वसूली (हफ्ता) मांगने और जान से मारने की धमकी देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक 16 वर्षीय नाबालिग बालक को भी अपनी अभिरक्षा में लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों से सघन पूछताछ कर रही है।

औद्योगिक क्षेत्र थाना पर पदस्थ ए एस आई गिरधारी परमार ने बताया कि​ घटना बीते सोमवार 22 जून की रात करीब 11:50 बजे की है। डोसीगांव कलाली दुकान पर कार्यरत सेल्समैन ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी रामगोपाल शुक्ला के साथ दुकान बंद कर पैसों का हिसाब-किताब कर रहा था। इसी दौरान खिड़की पर दस्तक हुई। सेल्समैन ने जब खिड़की खोली, तो बाहर दो लड़के खड़े थे।

​पूछने पर आरोपियों ने रुपयों की मांग की। जब सेल्समैन ने इसका विरोध किया, तो उनमें से एक लड़के ने तुरंत पिस्टल तान दी और कहा, "अगर यहाँ कलाली (दुकान) चलानी है, तो हर हफ्ते रुपये देने पड़ेंगे।"

​सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
​बदमाशों को सामने देख सेल्समैन ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत खिड़की बंद करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी की पिस्टल का मुंह खिड़की में अटक गया। खुद को घिरता देख आरोपी गाली-गलौज करने लगे और खिड़की ठोकते हुए धमकी दी कि अगर हफ्ते के पैसे नहीं दिए, तो जान से खत्म कर देंगे। ​पीड़ित के शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। बाद में जांच करने पर पता चला कि आरोपियों के हाथ में जो हथियार था, वह असल में एक 'नकली खिलौना पिस्टल' थी।

gold

​पुलिस की कार्रवाई
​घटना के बाद सेल्समैन ने दुकान के मैनेजर बबलू शुक्ला और रामगोपाल के साथ थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की पहचान सुमित (पिता लक्ष्मण अहिरवार, निवासी डोसीगांव) और एक 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में की। पुलिस ने सुमित को गिरफ्तार कर लिया है और नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।