Movie prime

 पारंपरिक खेलों से लौटेंगे बचपन के दिन, 25 जनवरी को हनुमान ताल पर होगा आनंद उत्सव

 कबड्डी, खो-खो, बोरा दौड़,  चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, पिट्ठू-दौड़, नीबू दौड़ एवं रस्सा खींच आयोजित
 
 

रतलाम, 24 जनवरी (इ खबर टुडे)। मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान आनंद विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी आनंद उत्सव -2026 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान के जिला संपर्क व्यक्ति सीमा अग्निहोत्री ने बताया कि आनंद उत्सव में प्रमुख रूप से स्थानीय पारंपरिक खेलकूद जैसे कबड्डी, खो-खो, बोरा दौड़,  चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, पिट्ठू-दौड़, नीबू दौड़ एवं रस्सा खींच आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक संगीत, लोकनृत्य, भजन, कीर्तन, नाटक, सहित स्थानीय स्तर पर तय अन्य कार्यक्रम भी किए जा सकेंगे।

शासन के निर्देशानुसार आनंद उत्सव-2026 का आयोजन इस प्रकार किया जाएगा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रमों में महिला-पुरुष, सभी आयु वर्ग के नागरिक एवं दिव्यांगजन शामिल होंगे। इसके साथ ही 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला-पुरुषों की सहभागिता भी विशेष रूप से सुनिश्चित की जाएगी। सभी प्रतियोगिताओं के आयोजन के पश्चात उसी स्थान पर पुरस्कार वितरण किया जाएगा। आनंद विभाग रतलाम के मास्टर ट्रेनर मधु परिहार एवं गिरीश सारस्वत द्वारा सभी नागरिकों से हनुमान ताल पर आकर खेलों से आनंद प्राप्त करने की अपील की गई है।