रतलाम में सड़क निर्माण बंद होने पर भड़के व्यापारी, महापौर और निगम आयुक्त को सुनाई खरी-खोटी
रतलाम, 21 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। शहर के व्यस्ततम लक्कड़पीठा क्षेत्र में लंबे समय से सड़क निर्माण कार्य बंद होने के कारण व्यापारियों और रहवासियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। अधूरे पड़े निर्माण कार्यों से हो रही परेशानियों से त्रस्त व्यापारी संघ ने महापौर प्रहलाद पटेल और नगर निगम आयुक्त अनिल भाना के समक्ष अपनी कड़ी नाराजगी दर्ज कराई और अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
व्यापारी संघ का कहना है कि सड़क का काम महीनों से अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इसके साथ ही ग्राहकों और स्थानीय नागरिकों का आवागमन भी दूभर हो गया है।
आक्रोशित व्यापारियों ने दो टूक शब्दों में महापौर से सवाल किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले और ढिलाई करने वाले ठेकेदारों को निगम अब तक ब्लैकलिस्ट क्यों नहीं कर रहा है?
धूल और गंदगी से बढ़ रही स्वास्थ्य समस्याएं
व्यापियों और रहवासियों ने बताया कि सड़क का काम अधूरा और खुदा हुआ होने के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है। इस कारण क्षेत्र के बुजुर्गों और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है। लगातार उड़ती धूल और बदहाल व्यवस्था से स्थानीय रहवासियों का जीना मुहाल हो गया है।
जल्द काम शुरू करने की मांग
व्यापारी संघ ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि लक्कड़पीठा क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य तुरंत प्रभाव से शुरू कराया जाए और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि व्यापारियों को आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके और आमजन को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े।

