Movie prime

 रतलाम पुलिस खुलासा: आत्महत्या के लिए उकसाने वाले एक महिला सहित तीन आरोपी 3 घंटे में गिरफ्तार

 

रतलाम, 19 अप्रैल (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में तत्परता से कार्रवाई की है। पुलिस ने अपराध दर्ज होने के मात्र 3 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

​ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल को ग्राम बरखेड़ा खुर्द निवासी फरियादी परमेश्वर पिता बलवंत सिंह गुर्जर ने थाना ताल पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार, उनका भाई समरथ सिंह, ग्राम लसुड़ियाखेड़ी में एक खेत पर बेहोश मिला था। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

​जांच में सामने आया कि मृतक समरथ सिंह को लालसिंह, अर्जुन, ईश्वरसिंह और एक महिला आरोपी द्वारा अपमानित किया गया था और उसे धमकियां दी गई थीं। प्रताड़ना से तंग आकर समरथ सिंह ने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने इस मामले में धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध क्रमांक 199/2026 पंजीबद्ध किया था।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई
​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (IPS) ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल और एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ताल श्री स्वराज डाबी की टीम ने दबिश दी।

​पुलिस ने घेराबंदी कर ​ईश्वरसिंह पिता देवसिंह गुर्जर (निवासी रजला), ​लालसिंह पिता नाथुसिंह गुर्जर (निवासी हिम्मतखेड़ी) सहित ​एक महिला आरोपी को हिरासत में लिया।

​पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी, समरथ सिंह की महिला आरोपी से बातचीत होने को लेकर नाराज थे। इसी रंजिश में उन्होंने मृतक के साथ मारपीट की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। गिरफ्तार आरोपियों को आज आलोट न्यायालय में पेश किया जहां आरोपियों को पीआर हेतु भेजा जबकि महिला को जेल भेज दिया गया।

​एक आरोपी अब भी फरार
​पुलिस के अनुसार, वारदात का चौथा आरोपी अर्जुनसिंह पिता देवसिंह गुर्जर फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

​सराहनीय भूमिका
आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी ताल निरीक्षक स्वराज डाबी, निरीक्षक रविन्द्र डन्डोतिया (बरखेड़ा कला), उनि थानसिंह गुर्जर, उनि मोहम्मद अय्युब खान, उनि हरिसिह बडेरा सहित टीम के अन्य सदस्यों की मुख्य भूमिका रही।