रतलाम / डेढ़ किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मशरूका जब्त
रतलाम,11 अगस्त(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैलाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को डेढ़ किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त कुल मशरूके की कीमत लगभग 79 हजार बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन सोमवार को सैलाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रतलाम-बांसवाड़ा रोड स्थित केसरपुरा फंटे के पास तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ बेचने की नीयत से खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
सघन तलाशी में मिला गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पंकज पिता रमेश बामनिया (25), कारु उर्फ कालु पिता मांगु बामनिया (50) और गोवर्धन पिता मांगु बामनिया (45), तीनों निवासी बागरियो की खेड़ी, सैलाना बताए। नियमानुसार की गई तलाशी में उनके पास से डेढ़ किलो अवैध गांजा (कीमत लगभग 29 हजार) बरामद हुआ। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (MP43 ZG 5561, कीमत लगभग 50 हजार) को भी जब्त किया गया।
अवैध मादक पदार्थ पाए जाने पर सैलाना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 297/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक शिवाजीराव जगताप, प्रधान आरक्षक संदीप भदोरिया, आरक्षक तूफान भूरिया, दिनेश पाटीदार, यशपाल धनगर, भारत अलावा, संदीप परमार, राजू निनामा और विजय मोहनिया की सराहनीय भूमिका रही।

