Movie prime

 रतलाम / रावटी क्षेत्र में दो भीषण हादसों में तीन की मौत; कहीं जनरेटर बना काल, तो कहीं नदी में डूबी दादी-पोती

 
 

​रतलाम,24 मार्च(इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना में जनरेटर में गमछा फंसने से एक युवक की जान चली गई, वहीं दूसरी घटना में पोती को बचाने के चक्कर में दादी भी नदी में डूब गईं। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

​पहली घटना ग्राम आकडिया की है। रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गड़रिया के अनुसार, सोमवार दोपहर ग्राम भेरुघाटी निवासी दिलीप देवदा 30 वर्ष हुमसिंह नामक व्यक्ति के घर के बाहर काम कर रहे थे। जब दिलीप चलते हुए जनरेटर को बंद करने गए, तभी अचानक उनके गले में लटका गमछा जनरेटर के पट्टे की चपेट में आ गया। गमछा गले में बुरी तरह खिंच जाने के कारण दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई।

​दूसरी दुखद घटना ग्राम गुर्जरपाडा की है, जहाँ माही नदी के तट पर ममता और हादसे का मेल देखने को मिला। 47 वर्षीय सीता बाई अपनी 08 वर्षीय पोती मोनिका के साथ नदी पर नहाने और कपड़े धोने गई थीं। ​नहाते समय अचानक मोनिका का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। अपनी पोती को आंखों के सामने डूबता देख दादी सीता बाई ने उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगा दी। नदी के पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण दोनों ही खुद को संभाल नहीं पाईं और डूब गईं।

​ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
​नदी किनारे मौजूद अन्य ग्रामीणों ने जब कपड़ों को लावारिस देखा और दादी-पोती को गायब मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले। 

"दोनों घटनाओं में पुलिस ने बीएनएस की धारा १९४ के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।" सुरेंद्र गड़रिया, थाना प्रभारी, रावटी