पार्टी विरोधी गतिविधियों पर गिरी गाज: सैलाना की पार्षद सलोनी मांडोत सहित तीन कांग्रेसी 6 साल के लिए निष्कासित
रतलाम,23अप्रैल(इ खबर टुडे)। जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। जिला अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने सैलाना नगर परिषद की पार्षद श्रीमती सलोनी मांडोत, पूर्व पार्षद जितेंद्र सिंह राठौर और प्रशांत मांडोत को प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पार्षद सलोनी मांडोत ने सैलाना नगर परिषद अध्यक्ष के वित्तीय अधिकारों को रोकने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली थी। पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठन के खिलाफ एक गंभीर कदम माना। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ये तीनों सदस्य निरंतर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए और इन्होंने संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन किया है।
संगठन की छवि को धूमिल करने का आरोप
जिला अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पार्टी के नियमों एवं सिद्धांतों के विपरीत कार्य करना, संगठन की छवि को धूमिल करना और वरिष्ठ नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना करना अत्यंत गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसी के चलते संगठन के हित और अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कठोर निर्णय लिया गया है।
इन पर हुई कार्रवाई:
जितेंद्र सिंह राठौर पूर्व पार्षद, न.प. सैलाना, श्रीमती सलोनी मांडोत पार्षद, न.प. सैलाना, प्रशांत मांडोत शामिल है।
इस कार्रवाई की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और जिला प्रभारी प्रताप ग्रेवाल को भी सूचना हेतु भेजी गई है। राजनीतिक गलियारों में इस निष्कासन को आगामी स्थानीय समीकरणों और पार्टी के भीतर अनुशासन के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

