मेले का मामूली विवाद बना हत्या का कारण, आलोट में युवक को जहर देकर मारने वाले 3 आरोपी व 2 नाबालिग धराए
रतलाम, 21मई (इ खबर टुडे)। थाना आलोट पुलिस ने धरोला मेले में हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का महज 36 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य 3 आरोपियों सहित 2 विधि विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना दो दिन पूर्व 19 मई की है। फरियादी श्याम सिंह निवासी खामरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे कृष्णपाल सिंह का धरोला मेले में नाव वाले झूले के अंदर थूकने जैसी मामूली बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया था। इसी रंजिश को लेकर आरोपी कुलदीप सिंह, युवराज सिंह, गोविंद सिंह और उनके साथियों ने कृष्णपाल सिंह को घेर लिया और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर कृष्णपाल को तत्काल संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी के निर्देश पर बनी टीम, 36 घंटे में दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतलाम पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार लाल व एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में आलोट थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से महज 36 घंटे के भीतर मुंज निवासी आरोपी कुलदीप सिंह (22), युवराज सिंह (18) और गोविंद सिंह (24) सहित दो अन्य नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को इतनी जल्दी सुलझाने में आलोट थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम सहित थाने के समस्त पुलिस स्टाफ की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए जहरीले पदार्थ की बरामदगी और अन्य तथ्यों को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।

