रतलाम / तिरुवनंतपुरम सेंट्रल- मदार स्पेशल के फेरे विस्तारित, बीकानेर मंडल के चूरू–सादुलपुर खंड में ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनें प्रभावित
रतलाम, 08 अप्रैल (इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा विशेष रूप से ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए रतलाम मंडल से होकर परिचालित की जा रही तिरुवनंतपुरम सेंट्रल- मदार स्पेशल ट्रेन के फेरों को पुन: विस्तारित किया जा रहा है। साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के चूरू–सादुलपुर खंड में दुधवाखारा–हड़याला–डोकवा–सादुलपुर स्टेशनों के मध्य दोहरीकरण एवं ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम का कार्य किए जाने के कारण रतलाम मंडल से चलने वाली एवं रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनें प्रभावित होंगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ट्रेन संख्या 06013 तिरुवनंतपुरम सेंट्रल- मदार स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 25 मार्च, 2026 तक निर्धारित था, 15 अप्रैल 2026 से 03 जून, 2026 तक तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से प्रत्येक बुधवार को तथा ट्रेन संख्या 06014 मदार - तिरुवनंतपुरम सेंट्रल स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 28 मार्च, 2026 निर्धारित था , 18 अप्रैल 2026 से 06 जून, 2026 तक मदार से प्रत्येक शनिवार को चलेगी।
ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनें प्रभावित
17 एवं 24 अप्रैल 2026 को लक्ष्मीबाई नगर (इंदौर) से चलने वाली ट्रेन संख्या 04736 लक्ष्मीबाई नगर (इंदौर) – श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल को परिवर्तित मार्ग वाया हनुमानगढ़–सूरतगढ़–बीकानेर–
रतनगढ़–चूरू के रास्ते चलाया जाएगा। इस दौरान सूरतगढ़, लूणकरनसर, लालगढ़, बीकानेर, श्री डूंगरगढ़ एवं रतनगढ़ स्टेशनों पर ठहराव प्रदान किया गया है।
16 एवं 23 अप्रैल 2026 को श्रीगंगानगर से चलने वाली ट्रेन संख्या 04735 श्रीगंगानगर – लक्ष्मीबाई नगर (इंदौर) साप्ताहिक स्पेशल को परिवर्तित मार्ग वाया चूरू, रतनगढ़, बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़ के रास्ते चलाया जाएगा इस दौरान रतनगढ़, श्री डूंगरगढ़, बीकानेर, लालगढ़, लूणकरनसर एवं सूरतगढ़ स्टेशनों पर ठहराव प्रदान किया गया है।
24 मई 2026 की बीकानेर से चलने वाली ट्रेन संख्या 22632 बीकानेर – मदुरई एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग वाया रतनगढ़ -चूरू- सीकर -जयपुर के रास्ते चलाया जाएगा इस दौरान रतनगढ़, चूरू, फतेहपुर शेखावाटी, सीकर एवं रिंगस स्टेशनों पर ठहराव प्रदान किया गया है।
24 मई 2026 को इंदौर से चलने वाली गाड़ी संख्या 12465 इंदौर – जोधपुर एक्सप्रेस को 20 मिनट रेगुलेट किया जाएगा।

