Movie prime

 रतलाम: स्टेशन रोड थाने के ठीक सामने चोरों का धावा, कोरियर ऑफिस का शटर तोड़ उड़ाया माल

 

 

रतलाम, 17 अगस्त (इ खबर टुडे)। शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस की नाक के नीचे वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं चूक रहे हैं। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात, स्टेशन रोड थाना परिसर के ठीक सामने स्थित स्टेडियम मार्केट में चोरों ने एक कोरियर ऑफिस को अपना निशाना बनाया। शातिर चोरों ने ऑफिस के शटर का नकूचा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नगदी व मोबाइल पार कर दिए।

मिली जानकारी के अनुसार, स्टेडियम मार्केट की पहली मंजिल पर संजय जैन का कोरियर ऑफिस है, जहाँ रिलायंस सहित छह प्रमुख कंपनियों की सेवाएं संचालित होती हैं। रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण ऑफिस बंद था। देर रात करीब 3 बजे दो नकाबपोश चोर वहां पहुंचे। एक चोर ने बाहर खड़े होकर रेकी की, जबकि दूसरा अंदर दाखिल हुआ।

आधे घंटे तक दुकान खंगालते रहे चोर
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर ने दुकान के अंदर घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी, ताकि पहचान न हो सके। हालांकि, ऑफिस के दूसरे कैमरों में उनकी हरकतें कैद हो गईं। चोर लगभग आधे घंटे तक तसल्ली से दुकान के अंदर मौजूद रहा और सामान टटोलता रहा।

पीड़ित संजय जैन के अनुसार, चोरों ने दुकान का गल्ला तोड़कर उसमें रखी नगदी, एक मोबाइल और कुछ कोरियर पार्सल चुरा लिए हैं।

सोमवार सुबह पता चला घटना का
सोमवार सुबह जब संजय जैन दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें ताला टूटा हुआ मिला। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और बाद में स्टेशन रोड थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। शहर के सबसे व्यस्त और थाना क्षेत्र के सामने हुई इस चोरी ने स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।