Movie prime

 रतलाम / यात्री का बैग लेकर चंपत हुए चोर, जीआरपी में मामला दर्ज

 

रतलाम,08 मई (इ खबर टुडे)। मथुरा से रतलाम की यात्रा कर रहे एक यात्री का बैग ट्रेन से चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी (GRP) थाना रतलाम में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी प्रमोद राजपाल 53 वर्ष, निवासी रतनपुरी रतलाम गाड़ी संख्या 20958 के कोच बी-2 में बर्थ नंबर 12 पर मथुरा से रतलाम की यात्रा कर रहे थे। यात्री ने अपना 'पिट्ठू बैग' सीट के नीचे रखा था। भरतपुर स्टेशन निकलने के बाद यात्री की आँख लग गई। रतलाम स्टेशन आने से लगभग 15-20 मिनट पहले जब यात्री जागा, तो उसने देखा कि सीट के नीचे रखा बैग गायब था।

​पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, बैग में पुराने इस्तेमाल किए हुए पांच जोड़ी कपड़े कीमत लगभग 10,000 रुपये और दो जोड़ी नए कपड़े कीमत लगभग 5,000 रुपये रखे हुए थे। चोरी गए कुल सामान की मशरूका कीमत 15,000 रुपये बताई जा रही है।

​रतलाम जीआरपी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 305 (C) बीएनएस (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने मामले की पड़ताल और जांच की जिम्मेदारी के लिए हेड कांस्टेबल मनोज सिंह को जांच अधिकारी भी नियुक्त कर दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात चोर की तलाश में जुट गई है।