रतलाम / शादी वाले घर में हाथ साफ करने वाला चोर गिरफ्तार, पांच लाख के जेवरात और नकदी बरामद
रतलाम, 28 अप्रैल (इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शादी वाले घर में हुई चोरी का चंद दिनों में खुलासा कर दिया है। सैलाना थाना पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि फरियादी नीलेश पाटीदार निवासी ग्राम बोरिना ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल की रात जब उनका परिवार भतीजा विवाह समारोह में गया था, तब अज्ञात चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। वारदात के समय घर के सभी सदस्य रात करीब दस बजे घर लौटे, तब उन्हें इस चोरी का पता चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सैलाना थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर घेराबंदी कर संदेही सुजल पिता मुकेश पाटीदार (20 वर्ष), निवासी ग्राम पंचेडा को हिरासत में लिया।
तलाशी में मिला चोरी का माल
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात करना कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के पास खेत में बने एक टिन शेड के नीचे छिपाए गए आभूषण और नकदी बरामद की। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने का हार लगभग ढाई तोला कीमत करीब तीन लाख, चांदी की कंदोरा वजन 84 ग्राम, चांदी की पायजेब वजन 148 ग्राम, चांदी की बिछिया वजन 54 ग्राम, नकदी ₹21,000 नगद सहित मोटरसाइकिल वारदात में प्रयुक्त बाइक (MP-43-ZF-9551)
जब्त किया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्रवाई में सैलाना थाना प्रभारी निरीक्षक निकी आकाश, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, सहायक उपनिरीक्षक आकाशसिंह शक्तावत, आरक्षक प्रदीपचंद सोलंकी और साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

