Movie prime

 रतलाम / महज 20 घंटे में चोरी का खुलासा, तांबे के वायर और केबल सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

 
 

रतलाम,12जून (इ खबर टुडे)। रतलाम की औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डोसीगांव मल्टी में हुई चोरी की वारदात का महज 20 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तांबे के वायर, केबल और नल-शॉवर सहित चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग (विधि-विरुद्ध बालक) को अभिरक्षा में लिया गया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 जून 2026 को डोसीगांव मल्टी स्थित एक परिसर से लिफ्ट में इस्तेमाल होने वाले कीमती तांबे के वायर, केबल, शॉवर और नल चोरी हो गए थे। इस मामले में फरियादी सुनील (पिता नरसिंग देवड़ा, निवासी सेमलखेड़ी) की शिकायत पर 11 जून 2026 को थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 545/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

​सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज
​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार लाल और सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरी वारदात का पर्दाफाश हो गया।

​ये आरोपी हुए गिरफ्तार
​पकड़े गए आरोपी अजय पिता रमेश खरे (उम्र 23 वर्ष), ​बन्टी उर्फ बन्टा पिता रंगलाल बामोरिया (उम्र 22 वर्ष), ​प्रदीप पिता रूगनाथ चौहान (उम्र 19 वर्ष), ​लक्की उर्फ सोहन पिता ओमप्रकाश चौहान (उम्र 18 वर्ष), ​एक नाबालिग (विधि-विरुद्ध बालक) सभी डोसीगांव मल्टी, रतलाम के ही रहने वाले हैं।

​बरामदगी और कुल कीमत
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लिफ्ट के तांबे के वायर, केबल, शॉवर और नल सहित शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। बरामद किए गए इस मशरूके की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹15,000/- बताई जा रही है।

​पुलिस टीम की सराहना
​सफलतापूर्वक और त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक संजय राठौर, आरक्षक इमरान खान और आरक्षक कान्हा मेघवाल शामिल रहे, जिनकी भूमिका की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।