Movie prime

रतलाम / शहर में दिनदहाड़े चोरी, ज्वेलर्स की दूकान में घुसा चोर सोना और नगदी ले उड़ा (देखिये वीडियो)

 
 

रतलाम, 23 फरवरी (इ खबर टुडे)। शहर के मुख्य बाजार में दिनदहाड़े चोरी करने का एक सनसनीखेज  मामला सामने आया है। चोर ज्वेलर्स की दुकान में घुसा और गल्ले में रखी नगदी सहित सोने के आभूषण ले गया। चोरी की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहर के नोलाई पूरा क्षेत्र स्थित पुखराज ज्वेलर्स दुकान पर आज दोपहर करीब चार बजे अज्ञात युवक दुकान में अंदर घुसा और बैठ गया। दुकान मालिक मनीष चोरड़िया दुकान छोड़कर रोजाना की तरह चाय पीने गए थे। तभी चोर ने मौका देखकर दुकान में रखी करीब पांच हजार नगद और 5 ग्राम सोने के आभूषण पर हाथ साफ करके निकल गया। 

चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें चोर करीब 5 मिनट में दो बार बाहर जाता है और दो बार दुकान के अंदर आकर घटना को अंजाम देता है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तारीखों में कुछ गड़बड़ है। जिस पर दुकान मालिक ने बताया कि लाइट जाने पर सीसीटीवी की तारीखों में गड़बड़ी हो जाती है, परंतु घटना आज दोपहर 4 से 4:30 बजे की है। 

दुकान मालिक मनीष चोरडिया  द्वारा घटना की पूरी जानकारी माणक चौक थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने फिलहाल दुकान मालिक से आवेदन लिया है, जांच पूरी होने के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।