Movie prime

 रतलाम / रेलवे कर्मचारी के घर चोरी, 20 लाख से अधिक के सोने के जेवरात गायब, जांच में जुटी पुलिस

 

​रतलाम, 16 मई (इ खबर टुडे)।औद्योगिक थाना क्षेत्र के इंद्रलोक नगर में एक बड़ी चोरी का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यहाँ रहने वाले रेलवे कर्मचारी लालचंद सबनानी के घर से चोरों ने करीब 13 तोले सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए इन आभूषणों की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

​मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित लालचंद सबनानी के घर पर पिछले सात दिनों से कारपेंटर (नक्काशी/लकड़ी) का काम चल रहा था। इसी दौरान घर की अलमारी में एक पोटली में बांधकर रखे गए सोने के आभूषण अचानक गायब हो गए। शुक्रवार को जब परिवार के सदस्यों ने किसी काम से अलमारी खोली, तो उन्हें वह पोटली नहीं मिली। जेवरात गायब देख परिवार के होश उड़ गए, जिसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।

​काम बंद कर गायब हुए कारपेंटर पर शक
​पीड़ित परिवार ने घर पर काम करने आए लोगों पर ही चोरी का संदेह जताया है। परिजनों का कहना है कि घर में काम कर रहे कारपेंटरों में से एक व्यक्ति पिछले दो दिनों से काम पर नहीं आ रहा है। इस बात को आधार बनाकर पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है और लापता कारपेंटर की भूमिका को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।

​सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
​औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार से आवेदन लेकर मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम घर पर काम करने वाले अन्य मजदूरों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही, आरोपी का सुराग लगाने के लिए घर के आसपास और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।