भाग कर शादी करने वालों के परिवार का बहिष्कार करेंगे पंचेवा के ग्रामवासी (देखिए विडीयो)
रतलाम,25 जनवरी (इ खबरटुडे)। जिले की पिपलौदा तहसील के गांव पंचेवा के रहवासी अब भाग कर प्रेम विवाह करने वाले युवक युवती के परिवारवालों का बहिष्कार करेंगे। पंचेवा के रहवासियों ने मिलकर यह फैसला किया है। इतना ही नहीं ग्रामवासियों ने गांव के तीन परिवारों को बहिष्कृत करने की भी घोषणा की है। गांव वालों ने यह निर्णय भी लिया है कि जो कोई भी किसी बहिष्कृत परिवार से सम्बन्ध रखेगा,गांव के लोग उसका भी बहिष्कार करेंगे।
पंचेवा के गांव वालों द्वारा लिए गए इस निर्णय का विडीयो सोशल मीडीया पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे विडीयो में बहिष्कार के निर्णय की जानकारी देने वाला युवक विस्तार से इस निर्णय की जानकारी दे रहा है। वायरल विडीयो में युवक बता रहा है कि जिस भी परिवार के लडके लडकी भाग कर प्रेम विवाह करेंगे उस पूरे परिवार का गांव के लोग पूरी तरह बहिष्कार करेंगे। ना तो उस परिवार में दूध दिया जाएगा ना ही किसी दुकान से कोई सामान बेचा जाएगा।
वायरल विडीयो में यह भी बताया जा रहा है कि अगर कोई व्यक्ति गांव द्वारा बहिष्कृत किसी परिवार से किसी भी तरह का सम्बन्ध रखेगा,उसका भी गांव वालों द्वारा बहिष्कार किया जाएगा। वायरल विडीयो में बहिष्कार की जानकारी देने वाला व्यक्ति बहिष्कृत किए गए तीन परिवारों के नाम भी घोषित करता हुआ नजर आता है।
गांव वालों द्वारा बहिष्कार के निर्णय की घोषणा के बाद अब यह सवाल खडा हो रहा है कि भारतीय संविधान द्वारा दिए गए नागरिक अधिकारों को किसी गांव के लोग कैसे समाप्त कर सकते है? यदि दो बालिग युवक युवती अपनी स्वेच्छा से विवाह करते है तो इसमें उनके परिवारों को दोषी कैसे माना जा सकता है?

