रतलाम / बंदूक दुकान ब्लास्ट में घायल दुकान मालिक की मौत, इलाज के दौरान आया अटैक, तीन घायलों का इलाज जारी
रतलाम, 28 जनवरी (इ खबर टुडे)। दो दिन पूर्व शहर के चांदनी चौक क्षेत्र स्थित लक्कड़ पिता रोड पर बंदूक की दुकान में हुए धमाके में घायलो में दुकान मालिक की इलाज के दौरान। आज सुबह मौत हो गई। गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज के बाद इंदौर रेफर किया था। तीन गंभीर घायलों का इलाज जारी है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व 26 जनवरी को दोपहर चार बजे शहर के व्यस्त क्षेत्र चांदनी चौक में एक बंदूक की दुकान में वेल्डिंग के दौरान चिंगारी उड़ने से ब्लास्ट हो गया था। ब्लास्ट के दौरान दुकान के अंदर मौजूद दुकान मालिक यूसुफ अली (58) के अलावा नाजिम (32), शेख रफीकुद्दीन (35) तथा ग्राहक संदीप पिता शंकर पाटीदार (35) चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। धमाका इतना भयानक था कि आसपास के लोगो में हड़कंप मच गया था। घायल लोग जलते हुए रोड पर दौड़ लगा रहे थे। रहवासियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत इंदौर रेफर कर दिया था।
आज बुधवार को इंदौर में उपचार के दौरान दुकान मालिक यूसुफ अली को हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई। तीन गंभीर घायलों का इलाज जारी है। उधर फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम सील की गई दुकान को आज फिर से खोलकर ब्लास्ट के मामले की विस्तृत जांच करेगी।

