पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन 22 अगस्त से होगी शुरू, हफ्ते में 3 दिन ले सकेंगे सुंदर वादियों का आनंद
रतलाम,21अगस्त(इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को बड़ी सौगात दी है। यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का संचालन फिर से शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन 22 अगस्त 2026 से सप्ताह में तीन दिन—शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मानसून के इस सुहावने मौसम में यात्री ट्रेन के जरिए मालवा क्षेत्र की खूबसूरत वादियों और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकेंगे।
ट्रेन का समय और कोच संरचना
पातालपानी से कालाकुंड (ट्रेन सं. 52965): पातालपानी से सुबह 11:05 बजे रवाना होकर दोपहर 13:05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी।
कालाकुंड से पातालपानी (ट्रेन सं. 52966): कालाकुंड से दोपहर 15:34 बजे रवाना होकर शाम 16:30 बजे पातालपानी पहुंचेगी।
कोच की व्यवस्था: ट्रेन में दो एसी चेयरकार (C1 व C2) और तीन नॉन-एसी चेयरकार (D1, D2 व D3) कोच लगाए जाएंगे।
किराया एवं बुकिंग संबंधी जानकारी
हेरिटेज ट्रेन में आने और जाने के लिए यात्रियों को अलग-अलग टिकट लेना होगा। एक तरफ का किराया एसी चेयर कार के लिए ₹265 और नॉन-एसी चेयर कार के लिए ₹20 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
ट्रेन संख्या 52965/52966 के लिए टिकटों की बुकिंग सभी रेलवे पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है। ट्रेनों के ठहराव और विस्तृत समय-सारणी की जानकारी के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।

