Movie prime

वन विभाग रेस्क्यू दल ने पकडा अजगर ,स्वास्थ्य परीक्षण के बाद खिवनी के जंगल में छोडा

उज्जैन के धूरेरी गांव के चंबल से मिल रहे नाले में 12 फीट का अजगर मिला
 
अजगर ने जंगली जानवर निगल रखा था, वजन 95 किलो से अधिक निकला

 

उज्जैन,24 सितम्बर(इ खबर टुडे / ब्रजेश परमार)। उज्जैन जिले के बडनगर तहसील अंतर्गत धूरेरी गांव के नाले के पास से वन विभाग के दल ने 12 फीट के राक पायथन का रेस्क्यू किया है। अजगर ने किसी वन्यजीव को निगल रखा था वैसी स्थिति में ही उसका रेस्क्यू दल ने किया। पर्याप्त चिकित्सकीय जांच में उसके पूर्ण स्वस्थ होने की पुष्टि होने के उपरांत अजगर को देवास जिला के खिवनी वन्य जीव अभ्यारण्य में छोड दिया गया है।

अजगर को सबसे पहले चरवाहों ने देख कर इसकी सूचना बडनगर वन रक्षक संजय तिवारी को दी थी। इसके बाद वन्यजीव रेस्क्यू दल प्रभारी मदन मौरे दल के साथ स्थल पर पहुंचे और उन्होने दल के 5 अन्य सदस्यों की मदद से भारी भरकम अजगर का रेस्क्यू किया। श्री मौरे ने बताया कि उज्जैन से 18 किलोमीटर दूर इंगोरिया टप्पा के पास धूरेरी गांव में अजगर की सूचना वनरक्षक संजय तिवारी से मिली थी। अजगर चंबल नदी से मिलने वाले नाले में देखा गया था। उसने किसी जानवर को निगल रखा था जिससे उसके चलने फिरने में सामान्य स्थिति नहीं थी। गांव एवं चरवाहों से जानकारी लेने पर सामने आया कि उनका कोई मवेशी गायब नहीं है ऐसे में पूरी संभावना है कि अजगर ने आसपास मौजूद नीलगाय के बच्चे या फिर जंगली सुअर जैसा शिकार किया हो। अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर उसे खिवनी रेस्ट हाउस के पीछे के जंगल में छोडा गया है।

पूर्ण स्वस्थ एवं व्यस्क था अजगर
अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण करने वाले पशु चिकित्सक मुकेश जैन के अनुसार करीब 12 फीट लंबाई का अजगर उनके पास वन विभाग का रेस्क्यू दल लेकर गुरूवार को पूर्वान्ह में शासकीय अस्पताल में लेकर पहुंचा था। स्वास्थ्य परीक्षण में नर अजगर पूर्ण व्यस्क स्थिति का होना सामने आया था। उसका वजन 95 किलो से अधिक सामने आया । उसके शरीर का बारिकी से चोंट को लेकर परीक्षण किया गया था जिसमें उसे कोई चोंट और खरोच के निशान नहीं मिले । पूर्ण स्वस्थ की स्थिति सामने आने पर उसे तत्काल ही जंगल में छोडने का प्रमाणीकरण जारी किया गया था। अजगर ने किसी वन्य जीव का ही शिकार किया हुआ था।