Movie prime

 जनगणना 2027: अब 'डिजिटल' होगा मकानों का ब्योरा, रतलाम में आज से शुरू होगा सर्वे

 जिले के प्रगणक मोबाइल ऐप से करेंगे डेटा फीड, 30 मई तक चलेगा अभियान 

 

 प्रशासन की चेतावनी: आधार नंबर या ओटीपी मांगने वालों से रहें सावधान ​​​​​​

 

रतलाम, 01मई(इ खबर टुडे)। जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण 'मकान सूचीकरण' की प्रक्रिया शुक्रवार, 1 मई से शुरू होने जा रही है। जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार जनगणना का स्वरूप बदला हुआ नजर आएगा, क्योंकि डेटा संकलन के लिए कागजी फॉर्म का उपयोग बंद कर दिया गया है। प्रगणक अब सीधे अपने मोबाइल ऐप के जरिए आपके घर की जानकारी शासन के पोर्टल पर दर्ज करेंगे।


​मकान सूचीकरण का मुख्य उद्देश्य देश की बुनियादी सुविधाओं और नागरिकों के जीवन स्तर का सही आकलन करना है। प्रगणक घर-घर जाकर आपसे पूछेंगे कि आपके घर में शौचालय की क्या स्थिति है, पीने के पानी का स्रोत क्या है, और घर में परिवहन व मनोरंजन के क्या साधन उपलब्ध हैं। आपके द्वारा दी गई सही जानकारी से ही भविष्य की सरकारी योजनाओं का खाका तैयार होगा।

​पहचान पत्र देखकर ही दें जानकारी
​सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक प्रगणक के पास शासन द्वारा जारी आधिकारिक आईडी कार्ड होगा। नागरिकों से अनुरोध है कि जानकारी देने से पहले आईडी कार्ड अवश्य चेक करें।

​ठगी से बचें: क्या साझा नहीं करना है?
​आजकल बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। ​जनगणना के नाम पर कोई भी अधिकारी आपका बैंक खाता नंबर नहीं पूछेगा। ​आधार कार्ड या पैन कार्ड की फोटोकॉपी या नंबर देने की आवश्यकता नहीं है। ​सबसे महत्वपूर्ण बात, किसी को भी अपना ओटीपी (OTP) साझा न करें।

​सुविधाओं पर केंद्रित रहेंगे सवाल
​भवन का प्रकार, मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या, बिजली-पानी-गैस कनेक्शन, टीवी, साइकिल, कार, मोबाइल नंबर और घर में उपयोग होने वाला मुख्य अनाज से संबंधित सवाल रहेंगे।