Movie prime

 रतलाम पुलिस का एक्शन: रातभर चली 'कॉम्बिंग गश्त', 85 वारंटी धरदबोचे 

 
 

रतलाम, 05 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने 4 से 5 अप्रैल की दरमियानी रात से सुबह तक व्यापक कांबिंग गश्त संचालित की। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देशों के तहत, पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार की अगुवाई में की गई।

गश्त के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम विवेक कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय, सीएसपी रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी रतलाम किशोर पाटनवाला, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी सैलाना सुश्री नीलम बघेल, एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर, उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान एवं उप पुलिस अधीक्षक आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों ने जिले के सभी अनुभागों में निगरानी और धरपकड़ की कार्रवाई की।

नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया ने शहर अनुभाग के पुलिस बल की ब्रीफिंग कर उन्हें मुख्य मार्गों पर पैदल भ्रमण और गुंडों-बदमाशों की चेकिंग हेतु रवाना किया। इस दौरान जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षा और सतर्कता के प्रति जागरूक भी किया गया।

कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले भर में 24 स्थाई वारंटियों और 61 गिरफ्तारी वारंटों को तामील करवाया। यह कार्रवाई पुराने फरार अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और निगरानी में रखे गए असामाजिक तत्वों पर केंद्रित रही। रतलाम पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि गुंडों, बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस प्रकार की प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। 

​जनसंवाद और सुरक्षा का संदेश
​कार्रवाई के दौरान पुलिस ने केवल अपराधियों की धरपकड़ ही नहीं की, बल्कि जनसंवाद के माध्यम से आम नागरिकों से चर्चा भी की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों के बारे में सूचना देने हेतु प्रेरित किया।