Movie prime

 कलेक्टर ने 6 किमी पैदल चलकर देखा शिवगढ़ का सघन वन, चेकडैम का पानी पीकर बोले- ‘स्वाद हिमालयन वाटर जैसा’

 

रतलाम,04 सितंबर(इ खबर टुडे)। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सैलाना प्रवास के दौरान शिवगढ़ वन परिक्षेत्र में हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट द्वारा विकसित किए जा रहे सघन वन एवं जल संरक्षण कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। लगभग 6 किलोमीटर पैदल चलकर वन क्षेत्र का भ्रमण करते हुए कलेक्टर ने पौधरोपण, जल संरचनाओं और स्थानीय समुदाय की सहभागिता का अवलोकन किया।

​निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक चेकडैम में एकत्रित स्वच्छ जल को खुद चखकर देखा और उसकी गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा, "इस पानी का स्वाद हिमालयन ड्रिंकिंग वाटर जैसा है।" उन्होंने कहा कि वर्षा जल को सहेजने के ऐसे प्रयास पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम हैं। भ्रमण के दौरान उन्होंने चंपा का पौधा भी रोपा और उसके निरंतर संरक्षण पर जोर दिया।

​परियोजना के मुख्य आकर्षण व आंकड़े 
हार्टफुलनेस संस्था द्वारा 859 हेक्टेयर क्षेत्र में वन विकसित किया जा रहा है। बीते 3 वर्षों में 2 लाख पौधे लगाए गए हैं, जबकि 5 लाख पौधों के रोपण का कुल लक्ष्य है। नर्सरी कार्य और पौधरोपण में 60 प्रतिशत से अधिक स्थानीय महिलाओं को शामिल किया गया है, जिससे उन्हें रोजगार मिल रहा है।

क्षेत्र में 56 चेकडैम बनाए गए हैं, जिनसे 45 करोड़ लीटर वर्षा जल सहेजने का प्रयास जारी है। इसके अलावा 2 करोड़ लीटर क्षमता के 3 बड़े सरोवर भी बनाए गए हैं। सहेजे गए जल से 70 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई और 75 रेन गन के जरिए पौधों को सींचा जा रहा है। 3 ग्राम पंचायतों के 14 गांवों को इस जल संरक्षण, वन सुरक्षा और रोजगार गतिविधियों का सीधा लाभ मिलेगा।

​अतिक्रमण पर सख्त निर्देश
भ्रमण के दौरान कलेक्टर कटेसरिया ने वन भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सुरक्षा के कड़े इंतजाम और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ​इस अवसर पर सैलाना एसडीएम कृष्णपाल सिंह बघेल, तहसीलदार मनीष जैन, हार्टफुलनेस संस्था के जिला समन्वयक निलेश शुक्ला सहित वन विभाग व संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।