Movie prime

 
मुख्यमंत्री मोहन यादव अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लेने पहुँचे सैलाना के खेतों में

 किसानों को गले लगाया-ढांढस बंधाया
 
 

रतलाम 12 सितंबर (इ खबर टुडे)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अतिवृष्टि से जहाँ भी फसलों को नुकसान हुआ है, वहाँ हर खेत का सर्वे कर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। किसान भाई चिंता न करें, राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को रतलाम जिले की सैलाना तहसील के करिया गाँव में अतिवृष्टि एवं पीला मोजेक से प्रभावित फसलों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान  मनोहर लाल मालवीय और  राधेश्याम पाटीदार के खेतों में जाकर सोयाबीन की फसल का जायजा लिया और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संकट से किसानों को उबारेगी।

हम आपका साथ में चिंता मत करजो

 हम आपका साथ में है, चिंता मत करजो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने करिया गाँव में किसान राधेश्याम पाटीदार को ढांढस बँधाते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री ने राधे श्याम पाटीदार सहित अन्य किसानों के खेत में जाकर प्रभावित फसलों का मुआयना किया और कहा कि मुसीबत की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ में हैं और सरकार से हर संभव मदद दी जाएगी।

mohan

 किसान चौपाल में किया संवाद

 खेतों में फसल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान चौपाल में किसान भाइयों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति केन्द्र एवं प्रदेश सरकार संवेदनशील है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों के हित के लिए किसान सम्मान निधि दी जा रही है। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भी किसानों को सहायता राशि दी जा रही है। प्रदेश के 30 लाख किसानों को सोलर पंप प्रदान किए जायेंगे। गायों के लिए गौ शालाएं बनाई गई है जिससे निराश्रित गाय खेतों को नुकसान नहीं पहुंचा सकें। किसान भाई जरा भी चिंता न करें, सरकार हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरे क्षेत्र में जहां भी नुकसान हुआ है हर खेत का पारदर्शिता के साथ पूरा सर्वे होगा।

 
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला कलेक्टर को खराब हुई फसलों का सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए। किसानों की मांग पर ग्राम रियावन से ग्राम कालूखेड़ा की सड़क बनाने की घोषणा भी की। भ्रमण के दौरान जिले के प्रभारी एवं जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रसादी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, विधायक रतलाम ग्रामीण  मथुरालाल डामोर, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डे, पूर्व विधायक संगीता चारेल, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला अध्यक्ष  प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभुलाल चंद्रवंशी, उज्जैन संभागायुक्त  आशीष सिंह, कलेक्टर  राजेश बाथम, पुलिस अधीक्षक  अमित कुमार, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।