रतलाम / पंचेवा में सामूहिक बहिष्कार के तुगलगी फरमान का मामला जनसुनवाई में पंहुचा
रतलाम, 27 जनवरी (इ खबर टुडे)। जिले के पिपलोदा तहसील के ग्राम पंचेवा में एक तुगलगी फरमान के बाद हड़कंप मच गया है। जहां प्रताड़ित पति-पत्नी आज न्याय की गुहार लगाने जनसुनवाई में पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तुगलगी फरमान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
आपको बता दे रतलाम जिले की पिपलोदा तहसील के ग्राम पंचेवा में विगत दिनों पंचायत और ग्राम वासियों ने प्रेम प्रसंग में भाग कर शादी करने वालों व उनके परिवार के खिलाफ संविधान के विपरीत एक तुगलगी फरमान जारी किया था और सामूहिक बहिष्कार करने का लाउडस्पीकर के जरिए फरमान जारी किया था ऐसे परिवार का गांव में हुक्का पानी दुध चाय सहित सामूहिक बहिष्कार करने का आदेश जारी किया था। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
वायरल विडीयो में यह भी कहा जा रहा था कि अगर कोई व्यक्ति गांव द्वारा बहिष्कृत किसी परिवार से किसी भी तरह का सम्बन्ध रखेगा,उसका भी गांव वालों द्वारा बहिष्कार किया जाएगा। वायरल विडीयो में बहिष्कार की जानकारी देने वाला व्यक्ति बहिष्कृत किए गए तीन परिवारों के नाम भी घोषित करता हुआ नजर आ रहा था।
अब इस फरमान के खिलाफ प्रेम प्रसंग में शादी करने वाले गांव के दीनदयाल जाट व पत्नी मनीषा परिजनों के साथ जनसुनवाई में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई है। उनका कहना है की आठ माह पूर्व शादी की थी अब अचानक यह फरमान जारी कर दिया और हमारा बहिष्कार कर दिया। हम परेशान होकर नामली में रहने को मजबूर हैं। हम जनसुनवाई में न्याय की गुहार लगाने आए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की हैं।

