Movie prime

रतलाम में अखिल भारतीय शूटिंग बॉल स्पर्धा का कल होगा आगाज़; देश-प्रदेश के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

 
 

​रतलाम,19अप्रैल(इ खबर टुडे)। जिला डायरेक्ट वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में दो दिवसीय 'अखिल भारतीय शूटिंग बॉल स्पर्धा' का शुभारंभ कल सोमवार को होने जा रहा है। रेलवे वॉलीबॉल खेल मैदान पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश, प्रदेश और जिले की प्रतिष्ठित टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

स्पर्धा का औपचारिक उद्घाटन कल सोमवार शाम 6:00 बजे मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अश्विन कुमार के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता इप्का लेबोरेट्रीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दिनेश लाड करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार, पीयूष पांडे (मंडल खेलकूद संघ), धर्मेंद्र कुमार प्रजापति, अविनाश कुमार एवं अजय ठाकुर मौजूद रहेंगे।

​विजेताओं पर होगी पुरस्कारों की बौछार
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। आयोजन समिति ने विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। ​प्रथम पुरस्कार: ₹21,000 नकद व ट्रॉफी, ​द्वितीय पुरस्कार: ₹15,555 नकद व ट्रॉफी, ​तृतीय पुरस्कार: ₹9,999 नकद व ट्रॉफी, ​चतुर्थ पुरस्कार: ₹7,777 नकद व ट्रॉफी रहेगी।

​ये टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता के पहले दिन रतलाम, धामनोद, सैलाना, शिवगढ़, रावटी, पिपलौदा, बाजना, करमदी, आलोट, जावरा, उज्जैन और चित्तौड़गढ़ सहित कई टीमें भाग लेंगी। वहीं 21 अप्रैल को महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कोटा और भोपाल जैसी बाहरी राज्यों की टीमें मैदान संभालेंगी।

​पत्रकार वार्ता में दी जानकारी
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि स्पर्धा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन जीडी हॉस्पिटल द्वारा किया जाएगा। समापन अवसर पर नगर निगम महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

​यह जानकारी जिला डायरेक्ट वॉलीबॉल संघ एवं प्रतियोगिता आयोजन समिति के प्रकाशचन्द्र व्यास द्वारा दी गई है।