Movie prime

 

अंतरराष्ट्रीय GANSID कांग्रेस 2026 में शामिल हुईं थैलेसीमिया योद्धा वर्षा पंवार

​​​​​​​

 

रतलाम, 27 अक्टूबर (इ खबर टुडे)।थैलेसीमिया एवं सिकल सेल मुक्त मध्य प्रदेश जागरण समिति के मार्गदर्शक गोविंद काकानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक हैदराबाद में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय GANSID कांग्रेस में थैलेसीमिया एवं सिकल सेल जन जागरण समिति की उपाध्यक्ष तथा रतलाम निवासी रेड ड्रॉप वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक वर्षा पंवार ने भाग लिया।

सम्मेलन में देश-विदेश के चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सिकल सेल, थैलेसीमिया एवं हीमोफिलिया जैसे गंभीर आनुवंशिक रक्त विकारों के आधुनिक उपचार, बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT), जीन थेरेपी, ब्लड ट्रांसफ्यूजन, आयरन ओवरलोड प्रबंधन और मरीजों की दीर्घकालीन स्वास्थ्य देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। सम्मेलन का उद्देश्य मरीजों में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूत करना रहा।

सम्मेलन के दौरान वर्षा पंवार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विनोद के. अग्रवाल, नेशनल हेल्थ अथॉरिटी की विनिता श्रीवास्तव, फाइजर इंडिया के डॉ. पंकज गुप्ता, GANSID कांग्रेस की सह-अध्यक्ष डॉ. दीप्ति जैन एवं डॉ. जमीला सैदर, थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसायटी हैदराबाद की सीईओ डॉ. सुमन जैन तथा GANSID की सीईओ Lanre Tunji-Ajayi से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रमुख व्यक्तियों से संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश थैलेसीमिया एवं सिकल सेल जन जागरण समिति के संरक्षक सत्येन्द्र सिंह राठौर, समिति अध्यक्ष विकास शुक्ला, पदाधिकारी सरबजीत नारंग, पराग सहित समिति के अन्य 10 सदस्य भी शामिल हुए।