Movie prime

  प्रतिनियुक्ति से मूल विभाग में लौटे शिक्षकों की एक माह बाद भी नहीं हुई पदस्थापना

 म.प्र.शिक्षक संघ,अधिकारियो को समस्याओं से कराएगा अवगत
 

 

रतलाम,17 नवंबर (इ खबर टुडे)। जिला शिक्षा केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ रहे शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति अवधि पूर्ण होने के बाद मूल शिक्षा विभाग में वापस भेजने के आदेश जारी होने के बावजूद अब तक उनकी पदस्थापना नहीं की गई है। आदेश के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी शिक्षक अपनी नई पदस्थापना का इंतजार कर रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा संबंधित शिक्षकों की पदस्थापना के लिए संस्थाओं की चेकिंग प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई है। इसको लेकर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने नाराजगी जताते हुए शिक्षकों की समस्या के निराकरण की मांग उठाई है।

इसी सहित शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ तहसील शाखा की बैठक सोमवार को शासकीय जवाहर प्राथमिक विद्यालय, जवाहर नगर स्थित राम मंदिर के पीछे आयोजित की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष गोपाल उपाध्याय, तहसील अध्यक्ष रमेश परमार, उज्जैन संभाग के सह संगठन मंत्री सर्वेश कुमार माथुर, उपाध्यक्ष गोविंद व्यास, देवराज गहलोत, प्रवीण परिहार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिला शिक्षा केंद्र रतलाम से प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी कर मूल विभाग में लौटे शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों की अब तक पदस्थापना नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि एक माह से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा संबंधित शिक्षकों की पदस्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। इससे शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने निर्णय लिया है कि शिक्षकों की इन समस्याओं सहित अन्य विभागीय और क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा अधिकारी, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त तथा जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक अखिलेश सिंह राजपूत से मुलाकात करेगा।

इसी क्रम में मध्य प्रदेश शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल बुधवार 18 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम से भेंट करेगा। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से निर्धारित समय पर मुलाकात के लिए समय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि शिक्षकों की लंबित पदस्थापना सहित अन्य समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके शीघ्र निराकरण की मांग की जा सके।

इस संबंध में सह संगठन मंत्री सर्वेश कुमार माथुर, जिला अध्यक्ष गोपाल उपाध्याय, उपाध्यक्ष देवराज गहलोत एवं तहसील अध्यक्ष रमेश परमार ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर मुलाकात का समय मांगा है।