Movie prime

पति-पत्नी विवाद और होटल कांड में नया मोड़: प्रेसिडेंट होटल मामले में शिक्षक ने खाया जहर, हालत गंभीर; फेसबुक वीडियो में बोला—'मेरी राजनीतिक हत्या हुई'

 

 

रतलाम, 05 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। जावरा के प्रेसिडेंट होटल में पत्नी द्वारा पुलिस की मौजूदगी में पकड़े गए दो बच्चों के पिता व शिक्षक विजय दगदी के मामले में स्थिति अत्यंत दुखद और गंभीर हो गई है। शनिवार शाम को मामले से जुड़ी युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के बाद, सोमवार सुबह शिक्षक विजय दगदी ने भी सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार ​घटना के तुरंत बाद विजय स्वयं वाहन चलाकर जावरा के राठौर नर्सिंग होम पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, शनिवार को जहरीला पदार्थ खाने वाली युवती की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।

​अस्पताल जाने से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भावुक वीडियो
​सल्फास की गोलियां खाने के बाद शिक्षक विजय दगदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वे रोते हुए खुद को निर्दोष बता रहे हैं।

​वीडियो में उन्होंने रोते हुए कहा, "मेरी मौत का कारण जावरा सिटी पेज चलाने वाला दीपक बोरीवाल रहेगा। मेरी राजनीतिक हत्या की गई है। मेरी क्या गलती थी? मैंने हमेशा गरीब बच्चों के लिए काम किया, आंदोलन किए और लाइब्रेरी बनवाई। होटल में मेरा कुर्ता उतरवाया गया... मैंने हाथ जोड़कर वीडियो डिलीट करने की भीख मांगी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। मैंने 5 सल्फास की गोलियां खा ली हैं।"

​पत्नी पर आरोप लगाते हुए विजय ने आगे कहा, "मुझे भयानक तरीके से फंसाया गया है। एक हाथ से ताली नहीं बजती। पत्नी मंजू ने मुझे केवल फंसाया और बदनाम किया है। मम्मी मुझे माफ कर देना, मैं अच्छा बेटा नहीं बन पाया। मेरा चरित्र खराब नहीं है, मेरे खिलाफ कोई पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं है।"
​

प्रशासनिक व सामाजिक हलकों में हड़कंप
​एक ही घटनाक्रम से जुड़े दो लोगों द्वारा लगातार दो दिनों में आत्महत्या का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो और लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पुलिस एवं प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है।