Movie prime

रतलाम में दर्दनाक हादसा: मोहर्रम जुलूस के दौरान हाईटेंशन तार से टकराया ताजिया; 3 की मौत, 12 झुलसे

 

 

​रतलाम,26जून (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के पिपलोदा ब्लॉक के ग्राम सुहागपुरा में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। मोहर्रम के मौके पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान ताजिया 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

​ग्रामीणों और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

​दो मृतकों की हुई शिनाख्त, तीसरे की पहचान की कोशिशें जारी
​अस्पताल और पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में से दो की पहचान हो चुकी है। मृतकों में एक का नाम साजिद खान (32 वर्ष) और दूसरे का नाम साहू बताया जा रहा है।
​वहीं, तीसरे मृतक के शव की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो पाई है। घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी और परिजनों के सामने न आने या उनके बदहवास होने के कारण खबर लिखे जाने तक तीसरे शव की पहचान सुनिश्चित नहीं की जा सकी थी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन तीसरे मृतक के परिजनों और उसकी पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।

​ऐसे हुआ हादसा: 16-17 फीट तक बढ़ गई थी ऊंचाई
​घटना बीती रात गुरुवार करीब 11:15 बजे की है। सुहागपुरा में मुस्लिम समुदाय द्वारा परंपरागत रूप से मोहर्रम मनाया जा रहा था। पिपलोदा ब्लॉक के इस गांव में पंचमुखी महादेव मंदिर और मस्जिद के बीच मुख्य रोड पर ताजिया निकाला जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक, ताजिया करीब 10 से 12 फीट ऊंचा था, लेकिन जब लोग उसे उठा रहे थे तो उसकी ऊंचाई बढ़कर अचानक 16 से 17 फीट तक पहुंच गई।

​इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन से ताजिया का ऊपरी हिस्सा टकरा गया। तार टकराते ही जोरदार चिंगारी उठी, ब्लास्ट हुआ और पूरे ताजिया में करंट फैल गया।

moharram

​बिजली बंद करना भूले, मची चीख-पुकार
​हादसे के वक्त ताजिया के आसपास 30 से अधिक लोग मौजूद थे, जो उसे संभाल रहे थे। बिजली सप्लाई बंद न होने के कारण करंट ने पल भर में सबको चपेट में ले लिया। हादसे में अनस खान, मोईन खान, इरफान खान, अमजद खान, अरबाज खान, राकिब खान, अख्तियार खान, रहीम खान और इब्राहिम खान सहित 12 लोग झुलस गए। गनीमत रही कि कुछ लोग करंट का झटका लगते ही दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जुलूस के मार्ग पर समय रहते बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई थी, जिसके कारण यह गंभीर लापरवाही भरा हादसा हुआ।