Movie prime

आगे चमक-दमक, पीछे भारी लापरवाही: रतलाम में टाटा मोटर्स शोरूम दे रहा बड़ी दुर्घटना को न्योता

​डीजल टैंकरों के पास कचरे में लगाई आग, होते थे धमाके, पास ही स्थित हैं स्कूल-कॉलेज
 

 

 

​रतलाम, 28 सितंबर (इ खबर टुडे)। ​देश की जानी-मानी ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स का महू-नीमच रोड स्थित (डोसी गांव के समीप) शोरूम अपनी भारी लापरवाही और प्रशासनिक नियमों की अनदेखी को लेकर सवालों के घेरे में है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए शोरूम के आगे का हिस्सा बेहद आकर्षक और लक्जरी तरीके से सजाया गया है, लेकिन इसके ठीक पीछे कचरे का ढेर, वाहनों का रॉ मटेरियल और खुले में फैले कांच बड़ी दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।  

​सोमवार सुबह शोरूम परिसर से कर्मचारी कचरे से भरा बैग लेकर बाहर निकला और शोरूम की बाउंड्री वॉल से सटाकर आग लगा दी। गंभीर बात यह है कि जहाँ आग लगाई गई, उससे कुछ ही दूरी पर 'खतरनाक अपशिष्ट' (Hazardous Waste) लिखे हुए डीजल के खाली टैंकर खड़े थे। जल रहे कचरे में वाहनों का ज्वलनशील रॉ मटेरियल होने के कारण उसमें छोटे-छोटे विस्फोट भी होने लगे और पूरे क्षेत्र में जहरीला धुआं फैल गया।  

​मासूमों और रहवासियों की जान से खिलवाड़
​घटनास्थल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर एक प्राइवेट कॉलेज, छोटे बच्चों का प्राइवेट स्कूल और घनी आवासीय बस्ती स्थित है। रोजाना यहाँ सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं। शोरूम द्वारा फैलाए जा रहे इस प्रदूषण और अग्निकांड की आशंका से बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।  

​मीडिया के दखल के बाद जागा प्रबंधन
​पूरा घटनाक्रम करीब आधे घंटे तक चलता रहा। 'ई-खबर टुडे' की टीम ने जब इस पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो कर्मचारियों ने हड़बड़ाहट में गेट बंद कर लिया। बाद में पहुँचे सर्विस मैनेजर ने अपनी गलती स्वीकार की और कर्मचारियों को पानी छिड़कने के निर्देश दिए। हालाँकि, 15 मिनट बाद भी जब आग दोबारा भभकने लगी, तब मीडिया टीम के दोबारा टोकने पर कर्मचारियों ने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाई। 

उठते बड़े सवाल
​नियमों की धज्जियाँ उड़ाते इस लग्जरी शोरूम पर अब तक प्रशासनिक कार्यवाही क्यों नहीं हुई? ​संवेदनशील और खतरनाक टैंकरों के पास कचरा जलाने की अनुमति किसने दी? ​मासूम स्कूली बच्चों को इस जानलेवा प्रदूषण और दुर्घटना के खतरे से कब निजात मिलेगी?  

​स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रदूषण फैलाने और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले इस शोरूम प्रबंधन पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।