रतलाम में पुलिस की सख्त कार्रवाई: होटल, लॉज और स्पा सेंटरों की आकस्मिक जांच
रतलाम, 1 अप्रैल (इ खबर टुडे)। शहर में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रतलाम पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर होटल, लॉज और स्पा सेंटरों की लगातार जांच की जा रही है।
इसी कड़ी में 31 मार्च 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने स्पा सेंटरों की आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कस्तूरबा नगर स्थित सेवन मिरर स्पा सेंटर और क्रिस्टल स्पा सेंटर पर पुलिस टीम ने पहुंचकर गहन निरीक्षण किया।
जांच के दौरान स्पा सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों से पूछताछ की गई और उनकी पहचान संबंधी जानकारी एकत्र की गई। साथ ही सभी कमरों की बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस ने मेंटेनेंस रजिस्टर, स्टाफ डिटेल्स, विजिटर रिकॉर्ड समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए, रजिस्टर का नियमित संधारण किया जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अनिशा जैन, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

