कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं का हल्ला बोल, 5 किमी पैदल चलकर पहुंचीं कलेक्ट्रेट
रतलाम, 25 नवंबर(इ खबर टुडे)। सागोद रोड स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर (कन्या छात्रावास) की दर्जनों छात्राएं बुधवार को अव्यवस्थाओं के खिलाफ सड़क पर उतर आईं। छात्राएं 5 किलोमीटर का पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचीं और परिसर में ही धरने पर बैठकर अपनी समस्याएं रखीं। छात्राओं के कलेक्ट्रेट पहुंचने की सूचना मिलते ही शिक्षा परिसर प्रबंधन और जनजाति कार्य विभाग में हड़कंप मच गया।
कलेक्ट्रेट पहुंची छात्राओं ने आरोप लगाया कि कड़ाके की ठंड शुरू होने के बावजूद छात्रावास में उन्हें ओढ़ने के लिए कंबल उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके अलावा, मेन्यू के अनुसार विशेष भोजन में अच्छे पकवान देने के बजाय हर बार केवल दाल-बाटी परोस दी जाती है। छात्राओं ने छात्रावास की अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी नाराजगी जताई।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की चर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर जनजाति कार्य विभाग की सहायक आयुक्त प्रियंका राय और प्राचार्य गणतंत्र मेहता तत्काल कलेक्ट्रेट पहुंचे। शुरुआत में छात्राएं अपनी मांगों को लेकर धरने पर अड़ी रहीं, लेकिन सहायक आयुक्त ने छात्राओं से आत्मीय चर्चा कर उनकी एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना।
समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जताया संतोष
सहायक आयुक्त प्रियंका राय ने कलेक्ट्रेट के बाद छात्रावास परिसर पहुंचकर भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया। प्रशासन द्वारा मांगों पर तत्काल कार्रवाई किए जाने के बाद छात्राओं ने संतोष व्यक्त किया और अपना धरना समाप्त कर वापस छात्रावास लौट गईं।

