Movie prime

 जनसुनवाई में पटवारियों पर सख्ती, कलेक्टर ने जारी किए कारण बताओ नोटिस

 
 

रतलाम, 06 मई (इ खबर टुडे)। जिले में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान पटवारियों के खिलाफ मिली शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने लंबे समय से लंबित आवेदनों की सुनवाई के दौरान दो पटवारियों के विरुद्ध गंभीर शिकायतें मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

तहसील पिपलौदा के ग्राम पंचेवा में पदस्थ पटवारी नारायण मोयल के खिलाफ शासकीय कार्यों में लापरवाही, आवेदकों से अभद्र व्यवहार, शिकायतों के बावजूद सुधार न करना, गरीब नागरिकों के साथ भेदभाव और धमकी देने जैसे आरोप सामने आए हैं। इसके अलावा शिकायतों के निराकरण में देरी और कार्य के प्रति उदासीनता को लेकर भी उन्हें नोटिस जारी किया गया है।

वहीं तहसील रतलाम शहर के ग्राम उसरगार में पदस्थ पटवारी संगीता वर्मा पर शासकीय चरागाह भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को समय पर नहीं रोकने और शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण के बावजूद कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में भी कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और जनता की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित पटवारियों से जवाब प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।