Movie prime

 स्वामित्व योजना में लापरवाही पर कड़ा रुख: तत्कालीन अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 जनवरी को होंगे सम्मानित
​​​​​​​

 

 

रतलाम, 28 नवंबर (इ खबर टुडे)। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री और अन्य कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 40 प्रतिशत से कम प्रगति वाली तहसीलों की समीक्षा करते हुए काम में तेजी लाने, लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजना के अंतर्गत पूर्व में त्रुटिपूर्ण कार्य करने वाले तत्कालीन अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा है।

समीक्षा बैठक के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर तहसीलदार रतलाम ग्रामीण सहित पटवारी आशीष चौधरी (रावटी), सुशील बिंडवाल (बांगरोद), विकास यादव (सरवन) और निर्मल मग (शिवगढ़) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहने पर तहसीलदार ताल निर्भयसिंह पटेल तथा पटवारी शिवम तिवारी और राजेश माना (सैलाना) को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाएंगे।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम बिरमावल और बांगरोद में स्वामित्व योजना के तहत पूर्व में हुए त्रुटिपूर्ण कार्यों के मामलों में तत्कालीन संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम बांगरोद, कुआझागर, सरवन और शिवगढ़ में रजिस्ट्री कार्यों से जुड़ी समस्याओं और कठिनाइयों का तत्काल समाधान करने के लिए भी कहा।

कलेक्टर ने दो टूक कहा कि स्वामित्व योजना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में अपर कलेक्टर बृजेन्द्र रावत, डिप्टी कलेक्टर संजय शर्मा, श्रीमती राधा महंत सहित विभिन्न तहसीलों के तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारी मौजूद रहे।