रतलाम में यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई: बिना हेलमेट हाईवे पर चलने और गलत पार्किंग करने वालों पर शिकंजा, 87 चालान से वसूले 44,600 रुपये
रतलाम, 23अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने विशेष अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।
डीएसपी यातायात आनंद सोनी के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक हेमंत पाटीदार और उनकी टीम ने शहर और हाईवे पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई की।
बिना हेलमेट चालकों पर सख्ती
शहर से हाईवे की ओर जाने वाले मार्गों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 60 चालान बनाकर 18,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस का उद्देश्य चालकों को हेलमेट के प्रति जागरूक करना और दुर्घटना के समय गंभीर चोटों से बचाना है। शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों की पहचान करने के लिए आधुनिक तकनीक यानी ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। ड्रोन से मिली फुटेज के आधार पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों को चिह्नित कर 10 वाहन चालकों के चालान बनाए गए। यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत कुल 87 चालान काटकर ₹44,600 का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा गुणवत्तायुक्त हेलमेट पहनें, अपने वाहनों को केवल निर्धारित और उचित स्थानों पर ही पार्क करें और सभी यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

