रतलाम / दिलीप नगर / अर्जुन नगर में गरबा पंडाल के बाहर दो गुटों में पथराव, आधा दर्जन गिरफ्तार
रतलाम, 20 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत सालाखेड़ी चौकी क्षेत्र के दिलीप नगर (अर्जुन नगर) में बीती रात गरबा पंडाल के बाहर दो गुटों के बीच उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते हुए इस पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार दिन पूर्व शहर के कालिका माता मेले के दौरान अर्जुन नगर निवासी युवक केतन का बिबड़ौद के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते केतन ने बिबड़ौद के युवकों को फोन कर अर्जुन नगर बुलाया था।
आधी रात को हुआ उपद्रव और पथराव
योजना के तहत बिबड़ौद निवासी युवक बीती रात करीब 12 बजे अर्जुन नगर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों की ओर से एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, घटना के समय अडवानिया निवासी महंत आनंद गिरी महाराज प्रकाश सावरिया के साथ अर्जुन नगर गरबा पंडाल में पहुंचे थे। गरबा खेलने वाली युवतियों को प्रसादी वितरित कर जैसे ही वे बाहर निकलने वाले थे, तभी उपद्रवियों ने उनकी चार पहिया गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। आधी रात को हुई इस अचानक पत्थरबाजी से रहवासियों में दहशत फैल गई। स्थानीय रहवासियों के अनुसार मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और पुलिस वाहन पर भी बदमाशों द्वारा पत्थर फेंके गए, हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई गंभीर रूप से हताहत नहीं हुआ।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, छह से अधिक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सालाखेड़ी चौकी प्रभारी विजय बामनिया भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही उपद्रवी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब सात बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

