Movie prime

 श्री योगींद्र सागर कॉलेज में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने बांधा समां

 

 

रतलाम,04 सितंबर(इ खबर टुडे। श्री योगीन्द्र सागर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट, रतलाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर "नन्द घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयकारों से गुंजायमान रहा और वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया।

​कार्यक्रम का शुभारंभ लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना और भव्य आरती के साथ हुआ। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था के संस्थापक गोपालप्रसाद जी शर्मा (टंच) बाबूजी एवं सहसंचालक वरदान शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के सहसंचालक श्री उमेश जी शर्मा तथा निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

​सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मटकी फोड़ प्रतियोगिता
पारंपरिक वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन का मुख्य आकर्षण दही हांडी (मटकी फोड़) प्रतियोगिता रही, जिसमें बी.टेक., बी.बी.ए., एम.बी.ए., बी.एससी. (माइक्रोबायोलॉजी), बी.एससी. (सीड टेक्नोलॉजी) एवं बी.ए.एल.एल.बी. (ऑनर्स) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने भी आंख पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

​सफल संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन प्रो. मीमांशा मिश्रा एवं प्रो. पल्लवी शुक्ला ने किया। आयोजन के सफल समन्वयन में सांस्कृतिक समिति की प्रो. मनीषा राठौर, प्रो. अंशिता शर्मा, प्रो. टीना हसले, प्रो. शिवानी मोदी और प्रो. चित्रांशी बैरागी का विशेष योगदान रहा।

​कार्यक्रम के अंत में डीन एकेडमिक प्रो. गोविंद झंवर ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अनुशासन समिति एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी सहसंचालक उमेश शर्मा द्वारा जारी की गई।