रतलाम पुलिस की बड़ी पहल: भूमि विवादों के निपटारे के लिए लगा विशेष शिविर; एक ही दिन में आईं 630 शिकायतें, 450 का मौके पर ही निपटारा
रतलाम, 04 जुलाई (इ खबर टुडे)। आम जनता को भूमि संबंधी विवादों से राहत दिलाने और मामलों का त्वरित व निष्पक्ष निपटारा करने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने शनिवार को जिला स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस महा-अभियान में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने एक ही छत के नीचे बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
शिविर को लेकर जनता में भारी उत्साह देखा गया। महज एक ही दिन में जिलेभर से कुल 630 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 450 मामलों का मौके पर ही सफल निराकरण कर दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में यह शिविर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ आयोजित किया गया था। कई मामलों में जमीन से जुड़े विवाद कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन जाते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्व और पुलिस के अधिकारियों ने हर शिकायत को गंभीरता से सुना।
शेष बचे मामलों में दोनों पक्षों के साक्ष्यों और कानूनी प्रावधानों को देखते हुए उन्हें सक्षम न्यायालय के माध्यम से उचित प्रक्रिया अपनाने की समझाइश दी गई।
संवेदनशील मामलों में 'बाउंड ओवर', कानून तोड़ने वालों को सख्त संदेश
शिविर के दौरान जिन मामलों में जमीन को लेकर भविष्य में शांति भंग होने या मारपीट की आशंका दिखाई दी, वहां पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। ऐसे संवेदनशील प्रकरणों में आरोपियों और संबंधित पक्षों के खिलाफ बाउंड ओवर तथा अन्य प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई की गई, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनी रहे।
वर्षों पुराने विवादों से मिली मुक्ति, जनता ने जताया आभार
इस विशेष अभियान का सबसे बड़ा फायदा उन नागरिकों को मिला जो लंबे समय से दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। पुलिस और राजस्व विभाग के आला अफसरों को एक साथ अपने सामने पाकर पीड़ितों ने खुलकर अपनी बात रखी। संयुक्त सुनवाई के चलते कई वर्षों से उलझे हुए पारिवारिक और सीमा विवाद आपसी रजामंदी व कानूनी दायरे में तुरंत सुलझा लिए गए, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कानून हाथ में न लें, विधिसम्मत रास्ता अपनाएं: रतलाम पुलिस
सफल अभियान के बाद रतलाम पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि भूमि संबंधी किसी भी विवाद में आक्रोश में आकर कानून अपने हाथ में बिल्कुल न लें। विवादों का समाधान हमेशा कानूनी और विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत ही करें। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि आम जनता को पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाने के लिए राजस्व विभाग के साथ मिलकर इस तरह के संयुक्त शिविर भविष्य में भी समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।

